मुंबई इंडियंस द्वारा रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर फ्रेंचाइजी की आलोचना हो रही है। सोशल मीडिया पर फैंस टीम के इस फैसले पर लगातार सवाल उठा रहे हैं।
कहा जा रहा है कि रोहित शर्मा टीम को छोड़ सकते हैं। एक या दो फ्रेंचाइजी द्वारा ट्रेड के लिए उनकी उपलब्धता के बारे में पूछताछ करने की खबरें भी सामने आईं। रोहित के अलावा सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह के बारे में भी कहा जा रहा है कि ये दोनों भी दूसरी टीम के साथ जुड़ सकते हैं।
सोशल मीडिया पर यह भी कहा गया कि मुंबई इंडियंस के कई खिलाड़ी चेन्नई सुपरकिंग्स में जा सकते हैं। इसे लेकर सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने मुंबई के साथ किसी भी संभावित ट्रेड से अपनी फ्रेंचाइजी को दूर कर लिया है। एक इंटरव्यू में विश्वनाथन ने कहा कि किसी खिलाड़ी को ट्रेड करना सीएसके के सिद्धांतों के खिलाफ है। फिलहाल ऐसा कोई खिलाड़ी है जिसे उनकी फ्रेंचाइजी मुंबई के साथ ट्रेड कर सके।
काशी विश्वनाथन ने दुबई में नीलामी के बीच में कहा, "सैद्धांतिक रूप से हम खिलाड़ियों का ट्रेड नहीं करते हैं और हमारे पास मुंबई इंडियंस के साथ व्यापार करने के लिए खिलाड़ी भी नहीं हैं। हमने उनसे संपर्क नहीं किया है और हमारा इरादा भी नहीं है।
कभी न कभी तो फैसला लेना ही होता है: जयवर्धने
नीलामी के दौरान मुंबई इंडियंस के ग्लोबल क्रिकेट प्रमुख महेला जयवर्धने से रोहित से कप्तानी की जिम्मेदारी छीनने के फैसले के बारे में पूछा गया। उन्होंने कहा कि कभी न कभी तो फैसला लेना ही होता है। अब उम्मीद है कि हिटमैन अपने उत्तराधिकारी हार्दिक का मार्गदर्शन करेंगे।
जयवर्धने ने कहा, ''अगली पीढ़ी का मार्गदर्शन करने के लिए मैदान के अंदर और बाहर टीम में रोहित शर्मा का होना हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। मैंने रोहित के साथ बहुत करीब से काम किया है। वह एक शानदार व्यक्ति हैं और मुझे यकीन है वह उस विरासत का हिस्सा होंगे जो इसका मार्गदर्शन करेंगे। मुंबई के पास पहले भी सचिन तेंदुलकर के साथ ऐसा था, जो युवाओं के साथ खेलते थे। उन्होंने किसी और को नेतृत्व दिया और सुनिश्चित किया कि मुंबई इंडियंस सही रास्ते पर जा रही है। यह वही बात है। हमने यह बातचीत की थी और हर कोई इसमें दिलचस्पी ले रहा है।